आपका समर्थन, हमारी शक्ति

शुक्रवार, 27 अक्तूबर 2017

आकांक्षा यादव का 'शब्द-शिखर' टॉप हिंदी ब्लॉग्स में हुआ शामिल, ब्लॉगिंग के लिए जर्मनी, श्रीलंका और नेपाल में भी हो चुकी हैं सम्मानित

इंटरनेट पर हिंदी के व्यापक प्रचार-प्रसार और ब्लागिंग के माध्यम से देश-विदेश में अपनी रचनाधर्मिता को विस्तृत आयाम देने वाली  ब्लॉगर  आकांक्षा  यादव के ब्लॉग  "शब्द-शिखर" (http://shabdshikhar.blogspot.in/) को  टॉप हिंदी ब्लॉग्स में शामिल किया गया है। 

वर्ष 2008 से ब्लॉगिंग में सक्रिय एवम  ''दशक के श्रेष्ठ हिंदी ब्लॉगर दम्पति'' और  सार्क देशों के सर्वोच्च ''परिकल्पना ब्लॉगिंग सार्क शिखर सम्मान'' से सम्मानित अग्रणी महिला ब्लॉगर आकांक्षा यादव के ब्लॉग को इंडियन टॉप ब्लॉग्स द्वारा हाल ही में जारी हिंदी के सर्वश्रेष्ठ ब्लॉगों की डायरेक्टरी में स्थान दिया गया है। सामाजिक और साहित्यिक विषयों के साथ-साथ आधी आबादी के सरोकारों को अपने ब्लॉग पर दर्ज करने वाली  आकांक्षा यादव ब्लॉगिंग के लिए भारत के अलावा विदेशों-जर्मनी, श्रीलंका  और नेपाल में भी सम्मानित हो चुकी हैं।

आकांक्षा यादव राजस्थान पश्चिमी क्षेत्र, जोधपुर  के निदेशक डाक सेवाएं श्री कृष्ण कुमार यादव की  पत्नी हैं, जो कि स्वयं चर्चित ब्लॉगर और साहित्यकार हैं। ये ब्लॉगर दंपति विभिन्न विषयों पर 10 से ज्यादा हिन्दी ब्लॉग संचालित कर रहे हैं । नारी सम्बन्धी मुद्दों पर प्रखरता से लिखने वालीं आकांक्षा यादव की अब तक 3 पुस्तकें प्रकाशित हो चुकी हैं, जिनमें हाल ही में हिंदुस्तानी एकेडमी, इलाहाबाद से प्रकाशित "आधी आबादी के सरोकार" भी शामिल है।

जर्मनी के बॉन शहर में होने वाले ग्लोबल मीडिया फोरम (2015) के दौरान 'पीपुल्स चॉइस अवॉर्ड' श्रेणी में  आकांक्षा यादव के ब्लॉग 'शब्द-शिखर'  को हिंदी के सबसे लोकप्रिय ब्लॉग के रूप में भी सम्मानित किया जा चुका है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव द्वारा वर्ष  2012 में आकांक्षा यादव को  ”न्यू मीडिया एवं ब्लागिंग” में उत्कृष्टता के लिए जी न्यूज के ''अवध सम्मान'' से भी विभूषित किया जा  चुका  है। सौ से ज्यादा देशों में देखे-पढ़े जाने वाले इनके ब्लॉग 'शब्द-शिखर' पर अब तक  533 पोस्ट प्रकाशित हैं, जिन्हें साढ़े तीन लाख से ज्यादा हिट मिले हैं।
साभार: 

राजस्थान पत्रिका : शब्द-शिखर हिंदी ब्लॉग में टॉप 


दैनिक भास्कर : आकांक्षा यादव का 'शब्द-शिखर' टॉप हिंदी ब्लॉग्स में  शामिल
दैनिक नवज्योति : आकांक्षा यादव का 'शब्द-शिखर' टॉप हिंदी ब्लॉग्स में हुआ शामिल


राष्ट्रदूत : आकांक्षा यादव का ब्लॉग 'शब्द-शिखर' टॉप हिंदी ब्लॉग्स में  शामिल

राजस्थान खोज खबर : 'शब्द-शिखर' टॉप हिंदी ब्लॉग्स में  शामिल

दैनिक युगपक्ष : आकांक्षा यादव का 'शब्द-शिखर' टॉप हिंदी ब्लॉग्स में हुआ शामिल
ब्लॉगिंग के लिए जर्मनी, भूटान  और नेपाल में भी हो चुकी हैं सम्मानित


दैनिक हिंदुस्तान बॉर्डर : आकांक्षा यादव का 'शब्द-शिखर' टॉप हिंदी ब्लॉग्स में हुआ शामिल
ब्लॉगिंग के लिए जर्मनी, श्रीलंका और नेपाल में भी हो चुकी हैं सम्मानित

दैनिक इबादत : आकांक्षा यादव का 'शब्द-शिखर' टॉप हिंदी ब्लॉग्स में हुआ शामिल
ब्लॉगिंग के लिए जर्मनी, श्रीलंका और नेपाल में भी हो चुकी हैं सम्मानित

जनसंदेश टाइम्स : आकांक्षा यादव का 'शब्द-शिखर' टॉप हिंदी ब्लॉग्स में 

गुरुवार, 26 अक्तूबर 2017

सूर्य उपासना और प्रकृति पूजा का महापर्व छठ पूजा : छठि मईया आई न दुअरिया

भारतीय संस्कृति में त्यौहार सिर्फ औपचारिक अनुष्ठान मात्रभर नहीं हैं, बल्कि जीवन का एक अभिन्न अंग हैं। त्यौहार जहाँ मानवीय जीवन में उमंग लाते हैं वहीं पर्यावरण संबंधी तमाम मुद्दों के प्रति भी किसी न किसी रूप में जागरूक करते हैं। सूर्य देवता के प्रकाश से सारा विश्व ऊर्जावान है और इनकी पूजा जनमानस को भी क्रियाशील, उर्जावान और जीवंत बनाती है। भारतीय संस्कृति में दीपावली के बाद कार्तिक माह के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को मनाया जाने वाला छठ पर्व मूलतः भगवान सूर्य को समर्पित है। माना जाता है कि अमावस्या के छठवें दिन ही अग्नि-सोम का समान भाव से मिलन हुआ तथा सूर्य की सातों प्रमुख किरणें संजीवनी वर्षाने लगी। इसी कारण इस दिन प्रातः आकाश में सूर्य रश्मियों से बनने वाली शक्ति प्रतिमा उपासना के लिए सर्वोत्तम मानी जाती है। वस्तुतः शक्ति उपासना में षष्ठी कात्यायिनी का स्वरूप है जिसकी पूजा नवरात्रि के छठवें दिन होती है। छठ के पावन पर्व पर सौभाग्य, सुख-समृद्धि व पुत्रों की सलामती के लिए प्रत्यक्ष देव भगवान सूर्य नारायण की पूजा की जाती है। आदित्य हृदय स्तोत्र से स्तुति करते हैं, जिसमें बताया गया है कि ये ही भगवान सूर्य, ब्रह्मा, विष्णु, शिव, स्कन्द, प्रजापति, इन्द्र, कुबेर, काल, यम, चन्द्रमा, वरूण हैं तथा पितर आदि भी ये ही हैं। वैसे भी सूर्य समूचे सौर्यमण्डल के अधिष्ठाता हैं और पृथ्वी पर ऊर्जा व जीवन के स्रोत कहा जाता है कि सूर्य की साधना वाले इस पर्व में लोग अपनी चेतना को जागृत करते हैं और सूर्य से एकाकार होने की अनुभूति प्राप्त कर आनंदित होते है।

छठ पर्व के प्रारंभ के बारे में कई किंवदंतियाँ हैं। मान्यता है कि इस पर्व का उद्भव द्वापर युग में हुआ था। भगवान कृष्ण की सलाह पर सर्वप्रथम कुन्ती ने अपने पुत्र पाण्डवों के लिए छठ पर्व पर व्रत लिया था, ताकि पाण्डवों का वनवास और एक वर्ष का अज्ञातवाश कष्टमुक्त गुजरे। इस मान्यता को इस बात से भी बल मिलता है कि कुन्ती पुत्र कर्ण सूर्य का पुत्र था। इसी प्रकार जब पाण्डव जुए में अपना सब कुछ हार गए और विपत्ति में पड़ गये, तब द्रौपदी ने धौम्य ऋषि की सलाह पर छठ व्रत किया। इस व्रत से द्रौपदी की कामनाएं पूरी हुईं और पाण्डवों को उनका खोया राजपाट वापस मिला गया। ऐसी मान्यता है कि भगवान राम और सीताजी ने भी सूर्य षष्ठी के दिन पुत्ररत्न की प्राप्ति के लिए सूर्य देवता की आराधना की थी, जिसके चलते उन्हें लव-कुश जैसे तेजस्वी पुत्र की प्राप्ति हुई। माँ गायत्री का जन्म भी सूर्य षष्ठी को ही माना जाता है। यही नहीं इसी दिन महर्षि विश्वामित्र के मुख से गायत्री मंत्र निकला था। एक अन्य मत के अनुसार छठ व्रत मूलतः नागकन्याओं से जुड़ा है। इसके अनुसार नागकन्याएं प्रतिवर्ष कश्यप ऋषि के आश्रम में कार्तिक षष्ठी को सूर्य देवता की पूजा करती थीं। संजोगवश एक बार च्यवन ऋषि की पत्नी सुकन्या भी वहाँ पहुँच गई, जिनके पति अक्सर अस्वस्थ रहते थे। नागकन्याओं की सलाह पर सुकन्या ने छठ व्रत उठाया और इसके चलते च्यवन ऋषि का शरीर स्वस्थ और सुन्दर हो गया।

छठ से जुड़ी एक अन्य प्रचलित मान्यता कर्तिकेय के जन्म से संबंधित है। मान्यता है कि भगवान शिव हिमवान की छोटी कन्या उमा के साथ पाणिग्रहण के उपरान्त रति-क्रीड़ा में मग्न हो गये। क्रीड़ा-विहार में सौ दिव्य वर्ष बीत जाने पर भी कोई संतान उत्पन्न नहीं हुई। इतनी दीर्घावधि के पश्चात भगवान शिव के रूद्र तेज को सहन करेगा, इससे भयभीत होकर सभी देवगण उनकी प्रार्थना करने लगे- हे प्रभु।़ आप हम देवों पर कृपा करें और देवी उमा के साथ रति-क्रीड़ा से निवृत्त होकर तप में लीन हों । इस बीच निवृत क्रिया में सर्वोत्तम तेज स्खलित हो गया जिसे अग्नि ने अंगीकार किया। गंगा ने इस रूद्र तेज को हिमालय पर्वत के पाश्र्वभाग में स्थापित किया जो कान्तिवान बालक के रूप में प्रकट हुआ। इन्द्र, मरूत एवं समस्त देवताओं ने बालक को दूध पिलाने तथा लालन-पालन के लिए छह कृतिकाओं को नियुक्त किया। इन कृतिकाओं के कारण ही यह बालक कर्तिकेय के नाम से प्रसिद्ध हुए। ये छह कृतिकाएं छठी मइया का प्रतीक मानी जाती हैं। तभी से महिलाएं तेजस्वी पुत्र और सुन्दर काया के लिए छठी मइया की पूजा करते हुए व्रत रखती हैं और पुरूष अरोग्यता और समृद्धि के लिए व्रत रखते हैं। बच्चों के जन्म की छठी रात को षष्ठी पूजन का विधान अभी समाज में है।

छठ पर्व की लोकप्रियता का अंदाज इसी से लगाया जा सकता है कि यह पूरे चार दिन तक जोश-खरोश के साथ निरंतर चलता है। पर्व के प्रारम्भिक चरण में प्रथम दिन व्रती स्नान कर के सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं, जिसे ‘नहाय खाय‘ कहा जाता है। वस्तुतः यह व्रत की तैयारी के लिए शरीर और मन के शु़िद्धकरण की प्रक्रिया होती है। मान्यता है कि स्वच्छता का ख्याल न रखने से छठी मइया रूष्ठ हो जाती हैं-कोपि-कोपि बोलेंली छठिय मइया, सुना महादेव/मोरा घाटे दुबिया उपरिज गइले, मकड़ी बसेढ़ लेले/हंसि-हंसि बोलेलें महादेव, सुना ए छठिय मइया/हम राउर दुबिया छिलाई देबों। इसी प्रकार घाटो पर वेदियाँ बनाते हुए महिलाएं गाती हैं-एक कवन देव पोखरा खनावेलें, पटिया बन्हावेलें रे/एक कवन देवी छठी के बरत कइलीं, कइसे जल जगाइबि रे/ए घाट मोरे छेके घटवरवा, दुअरे पियदवा लोग रे/एक कोरा मोरा छेक ले गनपति, कइसे जलजगइबि/एक रूपया त देहु घटवरवां, भइया ढेबुआ पियदवा लोग रे। प्रथम दिन सुबह सूर्य को जल देने के बाद ही कुछ खाया जाता है। लौकी की सब्जी, अरवा चावल और चने की दाल पारम्परिक भोजन के रूप में प्रसिद्ध है। दूसरे दिन छोटी छठ (खरना) या लोहण्डा व्रत होता है, जिसमें दिन भर निर्जला व्रत रखकर शाम को खीर रोटी और फल लिया जाता है। खीर नये चावल व नये गुड़ से बनायी जाती है, रोटी में शुद्ध देशी घी लगा होता है। इस दिन नमक का प्रयोग तक वर्जित होता है। व्रती नये वस्त्र धारण कर भोजन को केले के पत्ते पर रखकर पूजा करते हैं और फिर इसे खाकर ही व्रत खोलते हैं।

तीसरा दिन छठ पर्व में सबसे महत्वपूर्ण होता है। संध्या अघ्र्य में भोर का शुक्र तारा दिखने के पहले ही निर्जला व्रत शुरू हो जाता है। दिन भर महिलाएँ घरों में ठेकुआ, पूड़ी और खजूर से पकवान बनाती हैं। इस दौरान पुरूष घाटों की सजावट आदि में जुटते हैं। सूर्यास्त से दो घंटे पूर्व लोग सपरिवार घाट पर जमा हो जाते हैं। छठ पूजा के पारम्परिक गीत गाए जाते हैं और बच्चे आतिशबाजी छुड़ाते हैं। सूर्यदेव जब अस्ताचल की ओर जाते हैं तो महिलायें आधी कमर तक पानी में खड़े होकर अघ्र्य देती हैं। अघ्र्य देने के लिए सिरकी के सूप या बाँस की डलिया में पकवान, मिठाइयाँ, मौसमी फल, कच्ची हल्दी, सिंघाड़ा, सूथनी, गन्ना, नारियल इत्यादि रखकर सूर्यदेव को अर्पित किया जाता है और मन्नतें माँगी जाती हैं- बांस की बहंगिया लिये चले बलका बंसवा लचकत जाय/तोहरे शरणियां हे मोर बलकवा/हे दीनानाथ मोरे ललवा के द लंबी उमरिया। मन्नत पूरी होने पर कोसी भरना पड़ता है। जिसके लिए महिलाएँ घर आकर 5 अथवा 7 गन्ना खड़ा करके उसके पास 13 दीपक जलाती हैं। निर्जला व्रत जारी रहता है और रात भर घाट पर भजन-कीर्तन चलता है। छठ पर्व के अन्तिम एवं चैथे दिन सूर्योदय अघ्र्य एवं पारण में सूर्योदय के दो घंटे पहले से ही घाटों पर पूजन आरम्भ हो जाता है। सूर्य की प्रथम लालिमा दिखते ही ‘केलवा के पात पर उगलन सूरजमल‘, ‘उगी न उदित उगी यही अंगना‘ एवं ‘प्रातः दर्शन दीहिं ये छठी मइया‘ जैसे भजन गीतों के बीच सूर्यदेव को पुत्र, पति या ब्राह्मण द्वारा व्रती महिलाओं के हाथ से गाय के कच्चे दूध से अध्र्य दिलाया जाता है और सूर्य देवता की बहन माता छठ को विदाई दी जाती है। माना जाता है कि छठ मईया दो दिन पहले मायके आई थीं, जिन्हें पूजन-अर्चन के बाद ‘मोरे अंगना फिर अहिया ये छठी मईया‘ की भावना के साथ ससुराल भेज दिया जाता है। इसके बाद छठ मईया चैत माह में फिर मायके लौटती हैं। छठ मईया को ससुराल भेजने के बाद सभी लोग एक दूसरे को बधाई देते हैं और प्रसाद लेने के व्रती लोग व्रत का पारण करते हैं। व्रती की सेवा और व्रत की सामग्री का अपना अलग ही महत्व है। किसी गरीब को व्रत की सामग्री उपलब्ध कराने से व्रती के बराबर ही पुण्य मिलता है। इसी प्रकार यदि अपने घर के बगीचे में लगे फल को किसी व्रती को पूजा के लिए दिया जाता है, तो भी पुण्य मिलता है। यहाँ तक की व्रती की डलिया व्रत को वेदी तक पहुँचाकर, उसके कपड़े धुलकर भी पुण्य कमाया जाता है। व्रत रखने वाले घरों में माता की विदाई पर सफाई नहीं की जाती क्योंकि मान्यता है कि बेटी की विदाई या कथा आदि के बाद घरों में झाड़ू नहीं लगाई जाती।

मूलत: बिहार, झारखण्ड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के भोजपुरी समाज का पर्व माना जाने वाला छठ अपनी लोकरंजकता और नगरीकरण के साथ गाँवों से शहर और विदेशों में पलायन के चलते न सिर्फ भारत के तमाम प्रान्तों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है बल्कि मारीशस, नेपाल, त्रिनिडाड, सूरीनाम, दक्षिण अफ्रीका, हालैण्ड, ब्रिटेन, कनाडा और अमेरिका जैसे देशों में भी भारतीय मूल के लोगों द्वारा अपनी छाप छोड़ रहा है- छठि मईया आई न दुअरिया। कहते हैं कि यह पूरी दुनिया में मनाया जाने वाला अकेला ऐसा लोक पर्व है जिसमें उगते सूर्य के साथ डूबते सूर्य की भी विधिवत आराधना की जाती है। यही नहीं इस पर्व में न तो कोई पुरोहिती, न कोई मठ-मंदिर, न कोई अवतारी पुरूष और न ही कोई शास्त्रीय कर्मकाण्ड होता है। आडम्बरों से दूर प्रत्यक्षतः प्रकृति के अवलंब सूर्य देवता को समर्पित एवं पवित्रता, निष्ठा व अशीम श्रद्धा को सहेजे छठ पर्व मूलतः महिलाओं का माना जाता है, जिन्हें पारम्परिक शब्दावली में ‘परबैतिन‘ कहा जाता है। पर छठ व्रत स्त्री-पुरूष दोनों ही रख सकते हैं। इस पर्व पर जब सब महिलाएं इकट्ठा होती हैं तो बरबस ही ये गीत गूँज उठते हैं- केलवा जे फरला घवध से, तो ऊपर सुगा मड़राय/तीरवा जो मरबो धनुष से, सुगा गिरे मुरछाय।

भारतीय संस्कृति में समाहित पर्व अन्ततः प्रकृति और मानव के बीच तादाद्म्य स्थापित करते हैं। जब छठ पर्व पर महिलाएँ गाती हैं- कौने कोखी लिहले जनम हे सूरज देव या मांगी ला हम वरदान हे गंगा मईया....... तो प्रकृति से लगाव खुलकर सामने आता है। इस दौरान लोक सहकार और मेल का जो अद्भुत नजारा देखने को मिलता है, वह पर्यावरण संरक्षण जैसे मुद्दों को भी कल्याणकारी भावना के तहत आगे बढ़ाता है। यह अनायास ही नहीं है कि छठ के दौरान बनने वाले प्रसाद हेतु मशीनों का प्रयोग वर्जित है और प्रसाद बनाने हेतु आम की सूखी लकडि़यों को जलावन रूप में प्रयोग किया जाता है, न कि कोयला या गैस का चूल्हा। वस्तुतः छठ पर्व सूर्य की ऊर्जा की महत्ता के साथ-साथ जल और जीवन के संवेदनशील रिश्ते को भी संजोता है।
सूर्य उपासना और प्रकृति पूजा के  महापर्व छठ पूजा की हार्दिक शुभकामनाएँ। सूर्य की ऊर्जा की महत्ता के साथ-साथ जल और जीवन के संवेदनशील रिश्ते को संजोता यह पर्व वाकई अनुपम है !!
#ChhathPuja #AkankshaYadav #Akanksha #Article

-आकांक्षा यादव @ शब्द-शिखर 

शनिवार, 7 अक्तूबर 2017

दाम्पत्य प्रेम का उत्सव है करवा चौथ

करवा चौथ सुहागिनों का एक व्रत मात्र नहीं है, बल्कि दाम्पत्य प्रेम का उत्सव भी है। रिश्तों की डोर को मजबूत रखने का एहसास भी है। चौदहवीं का चाँद की खूबसूरती उपमा अपने यहाँ खूब दी जाती है, पर करवा चौथ के  चाँद की बात ही निराली होती है। इस दिन तो उनकी बड़ी मनुहार होती है और चाँद भी खूब लुका -छिपी खेलता है।  वैसे भी चाँद की शीतलता और मधुरता  का स्वभाव दाम्पत्य प्रेम के लिए जरुरी है। जीवन साथी को चाँद की उपमा दी जाती है और चांदनी को प्रेम की। ऐसे में करवा चौथ के साथ चाँद का तादात्म्य और भी गहरा हो जाता है। 
करवा चौथ हिन्दुओं का एक प्रमुख त्यौहार है, जिसे पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बहुत श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है।  करवा चौथ के दिन श्री गणेश, मां गौरी और चंद्रमा  का पूजन किया जाता है। पूजन करने के लिए बालू की वेदी बनाकर सभी देवों को स्थापित किया जाता है। कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की चतुर्थी को मनाये जाने वाले इस त्यौहार में सुहागिन स्त्रियाँ अपने पति की लंबी आयु, स्वास्थ्य व सौभाग्य की कामना करते हुए व्रत रखती हैं। इस पर्व पर महिलाएं हाथों में मेहंदी रचाकर, चूड़ी पहन व सोलह श्रृंगार कर अपने पति की पूजा कर व्रत का पारायण करती हैं। यह व्रत सुबह सूर्योदय से पहले करीब 4  बजे के बाद शुरू होकर रात में चंद्रमा दर्शन के बाद संपूर्ण होता है। इस दिन पत्नियाँ निराहार रहकर चन्द्रोदय की प्रतीक्षा करती हैं और रात में चन्द्रमा को अ‌र्घ्य देने के उपरांत ही अपना व्रत तोड़ती हैं। 

भारत देश में वैसे तो चौथ माता जी के कई  मंदिर स्थित है, लेकिन सबसे प्राचीन एवं सबसे अधिक ख्याति प्राप्त मंदिर राजस्थान राज्य के सवाई माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा गाँव में स्थित है । चौथ माता के नाम पर इस गाँव का नाम बरवाड़ा से चौथ का बरवाड़ा पड़ गया । चौथ माता मंदिर की स्थापना महाराजा भीमसिंह चौहान ने की थी ।
करवा चौथ व्रत से कई  कहानियां जुडी हुई हैं। इनमें से सर्वप्रमुख एक साहूकार के सात बेटों और उनकी एक बहन करवा से जुडी हुई है। इस कहानी के अनुसार सभी सातों भाई अपनी बहन से बहुत प्यार करते थे। यहाँ तक कि वे पहले उसे खाना खिलाते और बाद में स्वयं खाते थे। एक बार उनकी बहन ससुराल से मायके आई हुई थी। शाम को भाई जब अपना व्यापार-व्यवसाय बंद कर घर आए तो देखा कि उनकी बहन बहुत व्याकुल थी। सभी भाई खाना खाने बैठे और अपनी बहन से भी खाने का आग्रह करने लगे, लेकिन बहन ने बताया कि उसका आज करवा चौथ का निर्जल व्रत है और वह खाना सिर्फ चंद्रमा को देखकर उसे अर्घ्‍य देकर ही खा सकती है। चूँकि चंद्रमा अभी तक नहीं निकला है, इसलिए वह भूख-प्यास से व्याकुल  है।

सबसे छोटे भाई को अपनी बहन की हालत देखी नहीं गई और वह दूर पीपल के पेड़ पर एक दीपक जलाकर चलनी की ओट में रख देता है। दूर से देखने पर वह ऐसा प्रतीत होता है कि जैसे चतुर्थी का चाँद उदित हो रहा हो। इसके बाद भाई अपनी बहन को बताता है कि चाँद निकल आया है, तुम उसे अर्घ्य देने के बाद भोजन कर सकती हो। बहन खुशी के मारे सीढ़ियों पर चढ़कर चाँद को देखती है, उसे अर्घ्‍य देकर खाना खाने बैठ जाती है।

वह पहला टुकड़ा मुँह में डालती है तो उसे छींक आ जाती है। दूसरा टुकड़ा डालती है तो उसमें बाल निकल आता है और जैसे ही तीसरा टुकड़ा मुँह में डालने की कोशिश करती है तो उसके पति की मृत्यु का समाचार उसे मिलता है। ऐसे में वह  व्याकुल होकर तड़प उठती  है। ऐसे में उसकी भाभी उसे सच्चाई से अवगत कराती है कि करवा चौथ का व्रत गलत तरीके से टूटने के कारण देवता उससे नाराज हो गए हैं। सच्चाई जानने के बाद करवा निश्चय करती है कि वह अपने पति का अंतिम संस्कार नहीं होने देगी और अपने सतीत्व से उन्हें पुनर्जीवन दिलाकर रहेगी। वह पूरे एक साल तक अपने पति के शव के पास बैठी रहती है। उसकी देखभाल करती है। उसके ऊपर उगने वाली सूईनुमा घास को वह एकत्रित करती जाती है।

एक साल बाद फिर करवा चौथ का दिन आता है। उसकी सभी भाभियाँ करवा चौथ का व्रत रखती हैं। जब भाभियाँ उससे आशीर्वाद लेने आती हैं तो वह प्रत्येक भाभी से 'यम सूई ले लो, पिय सूई दे दो, मुझे भी अपनी जैसी सुहागिन बना दो' ऐसा आग्रह करती है, लेकिन हर बार भाभी उसे अगली भाभी से आग्रह करने का कह चली जाती है। इस प्रकार जब छठे नंबर की भाभी आती है तो करवा उससे भी यही बात दोहराती है। यह भाभी उसे बताती है कि चूँकि सबसे छोटे भाई की वजह से उसका व्रत टूटा था अतः उसकी पत्नी में ही शक्ति है कि वह तुम्हारे पति को दोबारा जीवित कर सकती है, इसलिए जब वह आए तो तुम उसे पकड़ लेना और जब तक वह तुम्हारे पति को जिंदा न कर दे, उसे नहीं छोड़ना। ऐसा कहकर  वह चली जाती है। सबसे अंत में छोटी भाभी आती है। करवा उनसे भी सुहागिन बनने का आग्रह करती है, लेकिन वह टालमटोली करने लगती है। इसे देख करवा उन्हें जोर से पकड़ लेती है और अपने सुहाग को जिंदा करने के लिए कहती है। भाभी उससे छुड़ाने के लिए नोचती है, खसोटती है, लेकिन करवा नहीं छोड़ती है। अंत में उसकी तपस्या को देख भाभी पसीज जाती है और अपनी छोटी अँगुली को चीरकर उसमें से अमृत उसके पति के मुँह में डाल देती है। करवा का पति तुरंत श्रीगणेश-श्रीगणेश कहता हुआ उठ बैठता है। इस प्रकार प्रभु कृपा से उसकी छोटी भाभी के माध्यम से करवा को अपना सुहाग वापस मिल जाता है। 

करवा चौथ के व्रत का जिक्र महाभारत में भी मिलता है।  कहते हैं कि  जब पांडव वन-वन भटक रहे थे तो भगवान श्रीकृष्ण ने द्रौपदी को इस दिव्य व्रत के बारे बताया था।  इसी व्रत के प्रताप से द्रौपदी ने अपने सुहाग की लंबी उम्र का वरदान पाया था। 

फिल्मों और धारावाहिकों ने करवा चौथ के व्रत को ग्लैमराइज रूप भी दिया है। कुछ ही  सिमित इस त्यौहार को इनके चलते देशव्यापी पहचान मिली है। करवाचौथ को लेकर तमाम बातें भी कही जाती हैं। मसलन, मात्र पत्नी द्वारा ही व्रत क्यों रखा जाये या मात्र व्रत रखने से भला कौन सी उम्र बढ़ती है ? सवाल उठने स्वाभाविक भी हैं और इनके तार्किक जवाब देना  मुश्किल भी है। अपने देश में व्रत और त्यौहारों की दीर्घ परंपरा रही है और यह भी उतना ही सच है कि अधिकतर त्यौहारों और व्रत का जिम्मा महिलाओं का ही होता है।  कुछ लोग इसे पितृ-सत्तात्मक सोच से जोड़कर देखते हैं, तो कुछेक का मानना  है कि पुरुषों में इतना संयम और धैर्य नहीं होता की वे इसे निभा सकें। खैर, तर्क-वितर्कों से परे तमाम परम्पराएँ आज भी समाज को जीवंत रूप देती हैं। आस्था उनका मूल तत्व है।   
वस्तुत : करवा चौथ के व्रत को फायदे-नुकसान या बाध्यता की  बजाय प्यार और समर्पण के नजरिये से देखने की जरूरत है। अपने रिश्तों में संजीदगी भी व्रत का जरुरी हिस्सा होता है। उम्र का बढ़ना या न बढ़ना अपने हाथ में तो नहीं है, लेकिन प्यार की उम्र जरूर बढ़ती है। सिर्फ पत्नियाँ ही नहीं बल्कि अब तो पति भी अपनी-अपनी तरह से प्यार का इज़हार करने में पीछे नहीं रहते। चाहे वो साथ में चाँद का इंतज़ार हो, छुट्टी लेकर पूरा दिन साथ में बिताना हो, उपहार देना हो या साथ में व्रत रखना हो। ऐसे में व्रत को केवल सिद्धांत रूप में देखना नाकाफ़ी होगा। यह व्रत पति-पत्नी में प्यार, सम्मान, विश्वास को मजबूत करते हुए रिश्तों को प्रगाढ़ बनाता है।  करवा चौथ के व्रत और पर्व को समग्रता में देखते हुए अपने वैवाहिक जीवन को और और सुदृढ़ करने की दोतरफ़ा कोशिश जरूर होनी चाहिए।

करवा चौथ का पर्व हर साल आता है और पूरे जोशो खरोश के साथ सेलिब्रेट किया जाता है। करवा चौथ  सिर्फ एक त्यौहार ही नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक सन्देश भी छिपा हुआ है।  आज समाज में जब रिश्तों के मायने बदलते जा रहे हैं, भौतिकता की चकाचौंध में हमारे पर्व और त्यौहार भी उपभोक्तावादी संस्कृति तक सिमट गए हैं, ऐसे में करवा चौथ के मर्म और मूल को समझने की जरूरत है। 

करवा चौथ (करक चतुर्थी) अर्थात भारतीय नारी के समर्पण, शीलता, सहजता, त्याग, महानता एवं पतिपरायणता  को व्यक्त करता एक पर्व। दिन भर स्वयं भूखा प्यासा रहकर रात्रि को जब मांगने का अवसर आया तो अपने पति देव के मंगलमय, सुखमय और दीर्घायु जीवन की ही याचना करना यह नारी का त्याग और समर्पण नहीं  तो और क्या है ?

करवा चौथ का वास्तविक संदेश दिन भर भूखे रहना ही नहीं अपितु यह है नारी अपने पति की प्रसन्नता के लिए, सलामती के लिए इस हद तक जा सकती है कि पूरा दिन भूखी - प्यासी भी रह सकती है। करवा चौथ नारी के लिए एक व्रत है और पुरुष के लिए एक शर्त। शर्त केवल इतनी कि जो नारी आपके लिए इतना कष्ट सहती है उसे कष्ट न दिया जाए। जो नारी आपके लिए समर्पित है उसको और संतप्त न किया जाए। जो नारी प्राणों से बढ़कर आपका सम्मान करती है जीवन भर उसके सम्मान की रक्षा का प्रण आप भी लो। उसे उपहार नहीं आपका प्यार चाहिए !!   - आकांक्षा यादव @ शब्द-शिखर 

'डिजिटल इण्डिया' वाले भारत में सरकारी कार्यालय में स्मार्ट फोन पर बैन

डिजिटल इण्डिया वाले भारत में सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट फोन पर प्रतिबन्ध की ख़बरें भी आने लगी हैं। राजस्थान के उदयपुर जिले के सिंचाई विभाग के ऑफिस में स्मार्ट फोन लाये तो अनुपस्थित माने जाएंगे और जुर्माना भी लगेगा ! एक तरफ़ डिजिटल इण्डिया की बात, दूसरी तरफ़ सरकारी योजनाओं को सोशल मीडिया के माध्यम से अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान....
स्कूल और कॉलेजों में स्मार्टफोन के इस्तेमाल पर प्रतिबंध की खबरें आप ने अक्सर सुनी होगी, लेकिन क्या किसी सरकारी विभाग में कर्मचारियों के स्मार्टफोन पर बैन की खबरें सुनी है। दरअसल, राजस्थान के उदयपुर जिले के सिंचाई विभाग ने अपने कर्मचारियों को नोटिस जारी करके विभागीय परिसर के अंदर स्मार्टफोन का उपयोग करने पर रोक लगा दी है। यह आदेश मंगलवार 8 अगस्त, 2017  से प्रभावी होगा। आदेश के मुताबिक 8 अगस्त से अगर कोई कर्मचारी फोन इस्तेमाल करते हुए मिला तो उसकी उस दिन की उपस्थिति नहीं मानी जाएगी। यह आदेश जारी करने की वजह ऑफिस के सभी काम को सही तरह से संचालित करने के लिए लिया गया है।

न्यूज एजेंसी एएनआई ने विभाग की ओर से जारी आदेश की कॉपी शेयर की है। इसमें लिखा है- इस कार्यालय के सभी स्टाफ को आदेशित किया जाता है कि दिनांक 08/08/2017 से कार्यालय समय में एंड्रॉयड फोन, आईफोन और विंडोज फोन का उपयोग पूर्णतया वर्जित होगा। जिस किसी कर्मचारी के पास उपरोक्त फोन पाए जाते हैं तो उसको उस दिन कार्यालय से स्वैच्छा से अनुपस्थित मानते हुए अग्रिम कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। यह नियम सिर्फ काम करने वालों पर नहीं बल्कि ऑफिस आने वाले आगंतुकों पर भी लागू होगा।

विजिटरों के लिए भी स्मार्टफोन यूज करने पर भी बैन लगाया गया है। कार्यालय में बाहर से आने वाले आगन्तुक को यह फोन ऑफिस एरिया से बाहर रखकर आने के लिए कहा गया है। परिसर में इस फोन का उपयोग करने पर 500 रुपए जुर्माने के तौर पर वसूलने का प्रावधान किया गया है। आगन्तुकों से लिया गया पैसा राजकीय कोष में जमा किया जाएगा। नोटिस में बताया गया है कि कार्यालय के कार्यों को सुचारू रूप से पूरा करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। साथ ही कर्मचारियों को यह भी निर्देश दिया गया है कि अगर बहुत जरुरी सूचना देनी है तो ऑफिस का फोन इस्तेमाल कर सकते हैं। यह आदेश जल संसाधन विभाग, उदयपुर के अधिशाषी अभियंता हेमंत कुमार की ओर से जारी किया गया है।